खोए हुए 109 मोबाइल पुलिस ने बरामद कर स्वामियों को सौंपे
करीब 21 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद, CEIR पोर्टल से पुलिस को मिली बड़ी सफलता
कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस ने जनपद के लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीमों ने 109 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है।

सीओ अपराध के नेतृत्व में सर्विलांस सेल तथा संबंधित थानों की टीमों ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर तकनीकी निगरानी शुरू की। लगातार प्रयास के बाद कुशीनगर जनपद के साथ-साथ गैर-जनपदों से भी 109 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

मोबाइल बरामद करने वाली टीम में उप निरीक्षक सन्नी कुमारी दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा थाना कसया, थाना विशुनपुरा, थाना तरया सुजान, थाना चौरा खास तथा थाना पडरौना की टीमों एवं संबंधित थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों ने CEIR पोर्टल पर दर्ज मोबाइलों की जानकारी के आधार पर तकनीकी सहयोग किया।
पुलिस टीम द्वारा बरामद मोबाइलों के वास्तविक स्वामियों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार CEIR पोर्टल गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर मोबाइल बरामद करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बरामदगी में इन थानों की टीमों का सहयोग
कसया | विशुनपुरा | तरया सुजान | चौरा खास | पडरौना
इन थानों के संबंधित पुलिसकर्मियों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों ने CEIR पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं के आधार पर मोबाइलों की तलाश और सत्यापन की प्रक्रिया में सहयोग किया।
