40 सूचकांकों की समीक्षा, उत्कृष्ट प्रगति पर नीति आयोग के निदेशक ने की जनपद की सराहना
कुशीनगर, 28 सितम्बर 2026। आकांक्षात्मक विकास खण्ड कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नीति आयोग, भारत सरकार के निदेशक श्री मनीष कुमार विमल ने की। इस दौरान आकांक्षात्मक विकास खण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित 40 प्रमुख सूचकांकों पर अब तक हुई प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, शोधार्थी तथा जनपद एवं विकास खण्ड स्तर के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। निदेशक ने विभिन्न विभागों से जुड़े सूचकांकों की प्रगति की जानकारी लेते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच तथा जमीनी स्तर पर उनके प्रभाव की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा आकांक्षात्मक विकास खण्ड कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, वित्तीय समावेशन, आधारभूत सुविधाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। उपलब्ध प्रगति की समीक्षा के बाद निदेशक ने विकास खण्ड एवं जनपद स्तर पर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि निर्धारित सूचकांकों में बेहतर प्रदर्शन को निरंतर बनाए रखने के साथ-साथ जिन क्षेत्रों में अभी और सुधार की आवश्यकता है, वहां विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
ग्राम पंचायत दण्डोपुर का किया स्थलीय निरीक्षण
बैठक समाप्त होने के बाद नीति आयोग के निदेशक श्री मनीष कुमार विमल ने ग्राम पंचायत दण्डोपुर का स्थलीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गांव में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से सीधे संवाद किया और समूह की गतिविधियों, उनके कार्यों तथा आजीविका से संबंधित प्रयासों की जानकारी ली। महिलाओं से बातचीत के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया गया कि समूहों के माध्यम से उन्हें किस प्रकार रोजगार एवं आय के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
भारत नेट की स्थिति की ली जानकारी
स्थलीय भ्रमण के दौरान निदेशक ने भारत नेट की स्थिति का भी जायजा लिया। ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित व्यवस्था के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई। उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके उपयोग की स्थिति को समझा।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में NQAS की समीक्षा
इसके बाद निदेशक ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर वहां NQAS (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड) से संबंधित स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा गुणवत्ता से जुड़े बिंदुओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार
ग्राम पंचायत भ्रमण के दौरान निदेशक आंगनबाड़ी केंद्र भी पहुंचे। यहां बच्चों के लिए आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अन्नप्राशन संस्कार कराया। इस अवसर पर बच्चों के पोषण एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित गतिविधियों की जानकारी भी ली गई।
पूरे भ्रमण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक और ग्राम पंचायत के स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से आकांक्षात्मक विकास खण्ड कार्यक्रम के सूचकांकों की प्रगति के साथ-साथ योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की स्थिति को भी देखा गया।

