सपा अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती का भाजपा सरकार पर हमला
23 फरवरी 2026 (रिपोर्टर – धनजी):समाजवादी पार्टी की अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने वर्तमान भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था को “बेहद दयनीय” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और दलित उत्पीड़न की घटनाओं में भी वृद्धि हुई है।
अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान श्री भारती ने कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलना लगभग असंभव सा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है।
उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को अपार सफलता मिलेगी। उनके अनुसार, दलित और शोषित समाज को सत्ता पक्ष द्वारा विभिन्न प्रलोभनों के जरिए प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता अब सरकार के दावों को “जुमला” मान चुकी है और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के पक्ष में तेजी से जुड़ रही है।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री भारती ने पूर्व बसपा सरकार में “मिनी मुख्यमंत्री” के रूप में चर्चित रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सपा में शामिल होने को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे अल्पसंख्यक समुदाय का समर्थन पार्टी को बड़े पैमाने पर मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि दलित और अल्पसंख्यक वर्ग का मत सपा के खाते में बड़ी संख्या में आएगा।
श्री भारती ने कहा कि प्रदेश के मतदाता अब पीडीए की अवधारणा को समझ चुके हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को पूर्ण बहुमत दिलाएंगे। उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रदेशवासियों से सपा के साथ खड़े होने की अपील की।
अंत में उन्होंने प्रदेश में सुरक्षा, समृद्धि और अमन-चैन स्थापित करने के लिए सपा का समर्थन करने तथा अखिलेश यादव के हाथ मजबूत करने का आह्वान किया।