देवरिया में शिक्षक की संदिग्ध आत्महत्या से हड़कंप,
सुसाइड नोट में कथित तौर पर लिखा,

“योगी जी, मैं मरना नहीं चाहता”, विभागीय उत्पीड़न के आरोप
देवरिया, संवाददाता। जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के एक शिक्षक द्वारा कथित आत्महत्या किए जाने की घटना से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान कृष्ण मोहन सिंह के रूप में हुई है। घटना स्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की चर्चा है, जिसमें लिखा बताया जा रहा है – “योगी जी, मैं मरना नहीं चाहता” तथा विभागीय उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है।
परिजनों का आरोप है कि मृतक शिक्षक पर विभागीय स्तर पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि इसी उत्पीड़न से आहत होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और उसकी जांच कराई जा रही है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद शिक्षक संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। संगठनों ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।