टाउन हाल बापू भवन में संतराम बीए जयंती समारोह आयोजित
बलिया के टाउन हाल बापू भवन में प्रजापति विकास समिति के तत्वावधान में संत शिरोमणि संतराम बीए की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी रमेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “प्रजापति समाज भी समाज का शिल्पकार है, लेकिन सदियों से पिछड़ा रहा है। इसका प्रमुख कारण यह है कि समाज ने कभी संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की ठोस पहल नहीं की।” उन्होंने समाज से एकजुट होकर अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित भारतीय शिल्पकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामगोविन्द ने कहा कि “हमारे समाज के सहयोग से कई बार बसपा और सपा की सरकारें बनीं, लेकिन समाज को अपेक्षित सम्मान और अधिकार नहीं मिले। अब समय आ गया है कि हम अपनी राजनीतिक ताकत को पहचानें और अपने समाज को राजनीतिक अधिकार दिलाने का संकल्प लें।”
वाराणसी से पधारे डॉ. सुरेश प्रजापति ने कहा कि समाज की ताकत का अब सही आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “पहले हमारे समाज को नजरअंदाज किया जाता रहा, लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। हमें हर संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा।” उन्होंने बनरही में निर्माणाधीन छात्रावास के लिए समाज से सहयोग की अपील भी की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष दया शंकर प्रजापति ने की, जबकि संचालन महाबीर प्रजापति द्वारा किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और सामाजिक एकता एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
रिपोर्ट:धनजी बलिया