भव्य रूप से मनाया जाएगा बाबा भोलेनाथ का विवाह उत्सव, तैयारियां जोरों पर
बलिया। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जनपद में बाबा भोलेनाथ के विवाह उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले इस पारंपरिक विवाह उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न की जा रही है।इसी क्रम में बुधवार प्रातः महिलाओं के एक विशाल समूह द्वारा पारंपरिक माटी कोड़न की रस्म बड़े ही भव्य और श्रद्धाभाव के साथ अदा की गई। लोकगीतों और मंगल गीतों की स्वर लहरियों के बीच महिलाओं ने पूरे उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ इस परंपरा को निभाया। वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर के प्रबंधक डब्लू चौधरी ने बताया कि महादेव के विवाह उत्सव को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर परिसर की विशेष सजावट की जा रही है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि, 15 फरवरी को दिन में बाबा भोलेनाथ की भव्य बारात एवं विशाल झांकी निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
प्रधान पुजारी श्री गिरी जी ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व सनातन धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण है। भगवान शिव का विवाह उत्सव श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।
विवाह उत्सव को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है। श्रद्धालु इस दिव्य आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।