कसया तहसील में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती

Spread the love

कसया तहसील में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक ने चित्र पर माल्यार्पण कर अर्पित की पुष्पांजलि

अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

कुशीनगर। लौह पुरुष एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री तथा प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को तहसील कसया के सभागार में श्रद्धा और सम्मान के साथ जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसील प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका का स्मरण किया।

सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश सेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का प्रेरणास्रोत रहा है। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक विभिन्न रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराना था। तत्कालीन उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल ने अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के बल पर इस महत्वपूर्ण कार्य को अंजाम देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इसी योगदान के कारण उन्हें देश का लौह पुरुष कहा जाता है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके जीवन से हमें आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार राहुल खरवार सहित तहसील के कानूनगो, लेखपाल एवं कार्यालय के कर्मचारीगण मौजूद रहे।

समारोह का समापन सरदार पटेल के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने तथा प्रशासनिक दायित्वों का ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *