बेटे द्वारा दूसरी पत्नी के नाम जमीन लिखने के विरोध पर मां से मारपीट का आरोप, न्याय की गुहार लेकर पहुंची ज्वाइंट

Spread the love

बेटे द्वारा दूसरी पत्नी के नाम जमीन लिखने के विरोध पर मां से मारपीट का आरोप, न्याय की गुहार लेकर पहुंची ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पास वृद्धा

सुरसती देवी की फरियाद सुन भावुक हुए तहसीलदार धर्मवीर सिंह, निजी कोष से आर्थिक मदद के साथ दिए दो कंबल

नौ साल की मासूम बच्ची ने भी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक के सामने रखी अपनी बात

कुशीनगर। तहसील कसया क्षेत्र के ग्राम सेमरा धूसी, बाड़ीपुल निवासी वृद्ध महिला सुरसती देवी अपने ही परिवार में चल रहे विवाद से परेशान होकर न्याय की गुहार लगाने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक के पास पहुंचीं।

पीड़ित महिला के अनुसार, उनके पति सुमेश्वर के पुत्र चंदन अपनी दूसरी पत्नी के नाम जमीन लिख रहे हैं। इसका विरोध करने पर चंदन द्वारा उनके साथ कई बार मारपीट की गई। बेटे के कथित व्यवहार और जमीन को लेकर चल रहे विवाद से परेशान वृद्ध मां अपनी फरियाद लेकर तहसील पहुंचीं।

इस दौरान चंदन की नौ वर्षीय बेटी भी उनके साथ आई थी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक ने वृद्ध महिला के साथ आई मासूम बच्ची की बात भी गंभीरता से सुनी और मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

वहीं, तहसीलदार धर्मवीर सिंह ने वृद्ध महिला की व्यथा सुनी तो वे भावुक हो उठे। उन्होंने अपने निजी कोष से महिला को आर्थिक सहयोग प्रदान किया और ठंड से बचाव के लिए दो कंबल भी दिए। साथ ही वृद्ध महिला को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

यह मामला केवल जमीन के विवाद का नहीं, बल्कि एक वृद्ध मां की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से भी जुड़ा है। अब पीड़ित महिला को प्रशासनिक पहल से न्याय मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *