कुशीनगर में धूमधाम से मनाया गया कन्या जन्मोत्सव, 11 नवजात बेटियों की माताएं हुईं सम्मानित

Spread the love

कुशीनगर में धूमधाम से मनाया गया कन्या जन्मोत्सव, 11 नवजात बेटियों की माताएं हुईं सम्मानित

संयुक्त जिला चिकित्सालय में केक काटकर मनाया गया बेटियों के जन्म का उत्सव

बेबी किट, मिष्ठान, खिलौने और अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मान

बेटियों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे आने का दिया संदेश

कुशीनगर। शासन की मंशा के अनुरूप बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को संयुक्त जिला चिकित्सालय, रविन्द्रनगर धूस में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केक काटकर नवजात बेटियों के जन्म की खुशियां मनाई गईं तथा 11 लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री भुवन ने की। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केपी गौंड, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. दिलीप, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव तथा डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान गुड़िया, निक्की, नजमा, सुनीता देवी, निशा, अनीता, अर्चना, सुनैना, गुलशन, शीला एवं आफरीन खातून सहित 11 लाभार्थी माताओं को बेबी किट, मिष्ठान, टेडी बियर देकर सम्मानित किया गया। वहीं नवजात बच्चियों की माताओं को अंगवस्त्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

महिला कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

वहीं हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना कुशवाहा ने महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उनकी उपयोगिता बताई। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108 एवं 102 के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में अमन मिश्रा द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने और जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का अनुरोध किया गया।

इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीति सिंह एवं वंदना कुशवाहा, स्टाफ नर्स राजेश्वरी सहित लाभार्थी माताएं और उनके परिजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री भुवन ने बेटियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके बेहतर पालन-पोषण, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार एवं समाज को आगे आने का संदेश दिया।

रिपोर्ट: के.एन. साहनी सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *