बारिश ने बिगाड़ी जानकीनगर चौराहे की हालत, कीचड़ और जलजमाव से आवागमन बाधित


बारिश ने बिगाड़ी जानकीनगर चौराहे की हालत, कीचड़ और जलजमाव से आवागमन बाधित,,
कुशीनगर। लगातार हो रही बारिश के चलते जनपद के प्रमुख जानकीनगर चौराहे की स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग जिला मुख्यालय का अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी रास्ते से प्रतिदिन जिला जज, जिलाधिकारी (डीएम), पुलिस अधीक्षक (एसपी), मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं। वहीं सांसद, विधायक एवं मंत्री भी समय-समय पर इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों और व्यापारियों में चिंता का विषय बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण कीचड़ उछलकर राहगीरों और दुकानदारों के कपड़ों तक पर पड़ रहा है। इससे आमजन को आवागमन के साथ-साथ दैनिक कार्यों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकीनगर चौराहा जिले के सबसे व्यस्त एवं घने बाजारों में शामिल हो चुका है। स्थानीय व्यापारी ओमप्रकाश गुप्ता, अशोक पटेल, सिंटू सिंह, बृजेश सिंह, डॉ. सूर्यभान मिश्रा, विनय जायसवाल एवं चंदन मद्धेशिया ने जिलाधिकारी से मांग की है कि चौराहे पर जल निकासी एवं सड़क मरम्मत की तत्काल व्यवस्था कराई जाए। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
— सच्ची रिपोर्ट
के. एन. साहनी, कुशीनगर

Related Post

Leave a Comment