
छोटी नहर में मिला 35 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव, इलाके में मची सनसनी

प्रकाश चौक के पश्चिम देशी शराब भट्ठी के पास मिला शव, पहचान कराने में जुटी पुलिस,
कुशीनगर। थाना रविन्द्रनगर धूस क्षेत्र के प्रकाश चौक से पश्चिम स्थित देशी शराब भट्ठी के पास छोटी नहर में बुधवार को करीब 35 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना थाना रविन्द्रनगर धूस के थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस के अनुसार, समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी और न ही कोई वारिस सामने आया था। ऐसे में मृतक की शिनाख्त पुलिस के लिए अहम चुनौती बनी हुई है।
मौत कैसे हुई, जांच के बाद होगा स्पष्ट
नहर में शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सही थी।

