बड़ी खबर: VIP प्रमुख मुकेश साहनी के कुशीनगर दौरे पर प्रशासन हाई अलर्ट, बैठक निरस्त, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हिरासत में
कुशीनगर। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी के गुरुवार को कुशीनगर आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और कलेक्ट्रेट से लेकर पडरौना नगर तक पुलिस बल की तैनाती रही।
सूत्रों के अनुसार, पडरौना में प्रस्तावित VIP की बैठक को प्रशासन ने निरस्त करा दिया। वहीं पार्टी के एक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को पडरौना कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद कार्यकर्ताओं में हलचल देखी गई। मौके पर अधिवक्ता, किसान, पत्रकार और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दोपहर करीब तीन बजे मुकेश साहनी का काफिला कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय परिसर पहुंचा। यहां अपर जिलाधिकारी (ADM), पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्राधिकारी (CO), उपजिलाधिकारी (SDM) पडरौना, कोतवाली प्रभारी तथा रवींद्रनगर थाना पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिस बल पहले से तैनात रहा।
मीडिया से बातचीत में मुकेश साहनी ने कहा कि उनकी पार्टी कानून और संविधान का सम्मान करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बड़े कार्यक्रम, रोड शो और जनसभा के लिए प्रशासन से अनुमति लेना आवश्यक होता है और पार्टी इसका पालन करेगी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति से सामान्य मुलाकात या संगठनात्मक संवाद के लिए अलग से अनुमति की आवश्यकता नहीं होती।
उन्होंने अपने समर्थकों से संयम बनाए रखने, लोकतांत्रिक तरीके से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया। मुकेश साहनी के दौरे ने जिले की राजनीतिक गतिविधियों को नई चर्चा दे दी, वहीं प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए रहा।