प्रयास नशा मुक्ति केंद्र गोरखपुर में अंशुमान पाण्डेय से मिले पूर्वांचल गांधी, बोले जल्द आज़ाद होंगे अंशुमान,,
गोरखपुर। पूर्वांचल गांधी के नाम से विख्यात समाजसेवी डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ने गुरुवार को गोरखपुर स्थित प्रयास नशा मुक्ति केंद्र पहुंचकर वहां निरुद्ध अंशुमान पाण्डेय से मुलाकात की। उनके साथ राजेश्वर पाण्डेय, जितेन्द्र उर्फ सुभाष पासवान, अखिलेश मल्ल,राजकुमार सहित चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
बताया गया कि प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात से पूर्व इस प्रकरण के संबंध में भारत के राष्ट्रपति तथा भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजकर न्याय की मांग की थी। प्रशासन द्वारा दोपहर 2 बजे का समय निर्धारित किया गया था। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद लगभग ढाई बजे प्रशासन की मौजूदगी में अंशुमान पाण्डेय से खुली मुलाकात कराई गई।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अंशुमान पाण्डेय का कुशलक्षेम जाना और उनका मनोबल बढ़ाया। डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ने कहा कि उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है और अंशुमान पाण्डेय के साथ न्याय होगा। उन्होंने कहा, “अंशुमान पाण्डेय जल्द ही आज़ाद होंगे। सत्य की जीत निश्चित है और हम संवैधानिक एवं कानूनी तरीके से न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे।”
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भी कहा कि वे इस मामले को लेकर लगातार प्रयासरत हैं और न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कदम उठाएंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि संबंधित संस्थाएं निष्पक्षता से मामले का परीक्षण करेंगी और उचित निर्णय सामने आएगा।
मुलाकात के बाद डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ने कहा कि उनका उद्देश्य अंशुमान पाण्डेय का हालचाल जानना और उनका मनोबल बढ़ाना था। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका और संविधान पर उन्हें पूरा भरोसा है तथा सत्य की अंततः विजय होगी।
रिपोर्ट: पल्लवी त्रिपाठी, गोरखपुर।
