
अवैध बूचड़खानों पर प्रशासन का शिकंजा, बुलडोजर चला




कसया, कुशीनगर। कसया नगर में अवैध रूप से संचालित बूचड़खानों और बिना पंजीकरण मीट कारोबार के खिलाफ शनिवार को प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। सड़क किनारे पशु वध और फैली गंदगी पर सख्त रुख अपनाते हुए अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटाया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
संयुक्त टीम ने हितैषी हॉस्पिटल के पास गोरखपुर रोड, सपहा रोड, मथौली मार्ग तथा पुरानी फाजिलनगर रोड स्थित कई मीट की दुकानों का निरीक्षण किया। जांच में कई दुकानदार बिना खाद्य सुरक्षा विभाग के आवश्यक पंजीकरण के मीट का कारोबार करते मिले।
अभियान में तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, कसया थानाध्यक्ष इत्यानंद पाण्डेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा नगर पालिका परिषद कसया की टीम मौजूद रही।
जांच में 11 मीट विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26(2)(v) एवं 31(2) के उल्लंघन का मामला पाया गया। इनके खिलाफ अधिनियम की धारा 58 के तहत अर्थदंड की कार्रवाई के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), कुशीनगर की अदालत में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एस डी एम डॉ o संतराज सिंह बघेल ने कहा कि बिना पंजीकरण खाद्य कारोबार करने वालों और सार्वजनिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।