आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, एम्स में इलाज के दौरान तोड़ा दम,
कुशीनगर, संवाददाता सच्ची रिपोर्ट। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में सोमवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसके पिता और भाई भी झटके की चपेट में आ गए। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बसंतपुर निवासी 35 वर्षीय बबलू सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह सोमवार सुबह अपने पिता और भाई अवधेश सिंह के साथ धान की नर्सरी में पंपसेट से पानी चला रहे थे। सुबह करीब सात बजे अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से बबलू सिंह गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि उनके पिता और भाई को हल्के झटके लगे।
परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया। एम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि बबलू सिंह विदेश में फोरमैन के पद पर कार्यरत थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह करीब डेढ़ माह पूर्व ही घर आए थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक अपने पीछे पत्नी मीना देवी, पुत्र आयुष (12 वर्ष) और आदित्य (8 वर्ष) सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
