डीएम-सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग



कुशीनगर, सच्ची रिपोर्ट संवाददाता। जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में कथित अवैध वसूली के आरोपों को लेकर मामला गरमा गया है। निवर्तमान जिलाध्यक्ष हिंदू युवा वाहिनी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं प्रधान संघ संरक्षक संजय सिंह मुन्ना ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 27 जून को अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में डुमरी स्वांगी पट्टी निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों से कथित रूप से धन उगाही की गई। आरोप है कि पोस्टमार्टम किट के नाम पर प्रति शव 1500 रुपये की दर से कुल 4500 रुपये तथा शव वाहन के नाम पर 6500 रुपये लिए गए।
संजय सिंह मुन्ना ने कहा कि शोकाकुल परिवारों से इस प्रकार की कथित वसूली अत्यंत गंभीर और संवेदनहीन मामला है। उन्होंने पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान ली जाने वाली धनराशि, सरकारी एंबुलेंस की उपलब्धता, निजी एंबुलेंस के निर्धारित किराये तथा सरकारी एंबुलेंस से भेजे गए शवों के विवरण की जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने पोस्टमार्टम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और फुटेज की भी जांच कराने की आवश्यकता जताई। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी पीड़ित परिवार को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन के माध्यम से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। मामले को लेकर अब प्रशासनिक जांच की ओर लोगों की निगाहें टिकी हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


