रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग, आठ लाख का सामान जलकर राख

रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग, आठ लाख का सामान जलकर राख


दुकानदार बोला— “अब तो टूट गई मेरी कमर, कर्ज लेकर खोली थी दुकान”


K. N.RAY


सपहां, कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड संख्या-3 संत गाडगे नगर स्थित सपहां नौका टोला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित फलक गारमेंट्स नामक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में गुरुवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
दुकान संचालक सरफराज अंसारी पुत्र साबिर अंसारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्हें घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही जब वे मौके पर पहुंचे तो दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। इसके बाद उन्होंने तत्काल कसया पुलिस को घटना की सूचना दी।
आग की इस घटना में रेडीमेड कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। पीड़ित दुकानदार के अनुसार आग से लगभग आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद पीड़ित दुकानदार का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा, “सरकार न तो नौकरी दे पा रही है और न ही पर्याप्त रोजगार। किसी तरह कर्ज लेकर रेडीमेड कपड़ों की दुकान खोली थी, लेकिन आग ने मेरी सारी पूंजी जलाकर खाक कर दी। अब तो मेरी कमर ही टूट गई है।”
सरफराज अंसारी ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि आग की इस घटना ने उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है।
आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक लपटें पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थीं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने भी शासन-प्रशासन से पीड़ित दुकानदार की सहायता करने की मांग की है, ताकि वह दोबारा अपना कारोबार शुरू कर सके और उसके परिवार का जीवन सामान्य हो सके।

Related Post

Leave a Comment