नौरंगिया चौराहे पर बड़ा हादसा टला, पेड़ से टकराया 16 चक्का ट्रक

नौरंगिया चौराहे पर बड़ा हादसा टला, पेड़ से टकराया 16 चक्का ट्रक

टैम्पो को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ वाहन, खलासी गंभीर घायल

कुशीनगर(जगदीश सिंह)
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया चौराहे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। बिहार से झांसी जा रहा एक 16 चक्का ट्रक अचानक सामने आए टैम्पो को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। हादसे में ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक नेशनल हाईवे-28बी पर नौरंगिया चौराहे के पास स्थित शंकर धर्मकांटा के सामने पहुंचा था। इसी दौरान अचानक एक टैम्पो ट्रक के सामने आ गया। चालक ने टक्कर से बचाने के लिए वाहन को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन भारी वाहन होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख चालक अभय ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसे मामूली चोटें आईं। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन पूरी तरह दब गया।

केबिन में बैठे खलासी बिहार निवासी अवधेश गंभीर रूप से फंस गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post

Leave a Comment