हाईकोर्ट आदेश के बाद प्रधान संघ ने जताई चिंता
जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी बोले- धैर्य रखें, न्यायपालिका पर पूरा भरोसा
कुशीनगर(जगदीश सिंह)
हाईकोर्ट के आदेश के बाद ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित होने का मुद्दा उठाते हुए अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं। कार्यों में आ रही बाधाओं से आम जनता को परेशानी हो रही है, लेकिन संगठन को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। रविवार को प्रेस वार्ता में अकबर अंसारी ने कहा कि ग्राम प्रधानों के माध्यम से ही सरकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है। वर्तमान परिस्थितियों में विकास कार्य, प्रमाण पत्रों के सत्यापन और जनता से जुड़े कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन न्यायालय के आदेश का सम्मान करता है। सभी ग्राम प्रधानों और पदाधिकारियों को धैर्य बनाए रखना चाहिए। आगामी 13 जुलाई को न्यायालय के संभावित निर्णय के बाद राष्ट्रीय और जिला संगठन के पदाधिकारी बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही ऐसा रास्ता निकलेगा, जिससे ग्राम पंचायतों के विकास कार्य फिर से गति पकड़ेंगे। इस दौरान जिला सचिव मोहन लाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष डॉ. संजय यादव, संजीव सिंह, अरविंद वर्मा, रजनीश राय, विजय सिंह, के.के. राय, सत्यप्रकाश गुप्ता, धनंजय दीक्षित सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।