हाटा-पिपराइच मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार तीन लोगों की मौत
ओम पत्रिका न्यूज
रिपोर्ट: प्रद्युम्न सिंह,
कुशीनगर
कुशीनगर। जनपद के थाना अहिरौली बाजार क्षेत्र अंतर्गत हाटा-पिपराइच मार्ग पर सोनबरसा पट्टन के समीप शनिवार को एक एर्टिगा कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार यह दुर्घटना दिनांक 27 जून 2026 को लगभग दोपहर 1:30 बजे हुई। हादसे में मोटरसाइकिल चालक सहित उस पर सवार दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
मृतकों की पहचान विवेक सिंह (25 वर्ष) पुत्र हीरालाल सिंह, शालू (31 वर्ष) पत्नी महेंद्र सिंह तथा माधुरी (55 वर्ष) पत्नी अनिरुद्ध सिंह निवासी ग्राम डुमरी स्वांगी पट्टी, थाना कोतवाली हाटा, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
