लापता युवक का कंकाल झाड़ियों में मिला, हत्या की आशंका
फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस, पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कुशीनगर (जगदीश सिंह)। हाटा कोतवाली क्षेत्र के पड़री ग्राम सभा स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास झाड़ियों में बुधवार सुबह मानव अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में अवशेषों की पहचान गिदहा धनहा निवासी योगेश कुमार (29) पुत्र रामप्यारे के रूप में हुई, जो गत 17 जून से लापता था।
बताया जाता है कि झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन की, जहां मानव हड्डियां, कपड़े तथा अन्य अवशेष दिखाई दिए। सूचना मिलते ही हाटा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार योगेश 17 जून को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला था। अब झाड़ियों में मिले अवशेषों की पहचान होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार योगेश का जीवन पहले से ही संघर्षों से भरा था। करीब चार वर्ष पूर्व पुत्र कृष्णा के जन्म के बाद उसकी पत्नी लक्ष्मीना का निधन हो गया था। पत्नी की मृत्यु के बाद वह अकेले ही अपने पांच बच्चों का पालन-पोषण कर रहा था। अब उसकी मौत से पुत्रियां सोना, सृष्टि, किरण, अंबिका तथा पुत्र कृष्णा के सिर से पिता का साया भी उठ गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम, डीएनए परीक्षण और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित कारणों की जांच में जुटी हुई है।

