हाटा सीएचसी बनेगा एफआरयू, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत

हाटा सीएचसी बनेगा एफआरयू, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत

हाटा, कुशीनगर।

क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को प्रथम संदर्भन इकाई (एफआरयू) के रूप में विकसित किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। विधानसभा में हाटा विधायक मोहन वर्मा द्वारा उठाए गए मुद्दे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महानिदेशक परिवार कल्याण ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुशीनगर को पत्र भेजकर एफआरयू के लिए निर्धारित मानकों को शीघ्र पूरा कराने तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक मोहन वर्मा ने विधानसभा में नियम-301 के अंतर्गत यह मामला उठाते हुए बताया था कि हाटा नगर से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-28 गुजरता है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। लगातार होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन स्थितियों में घायल मरीजों को सबसे पहले हाटा सीएचसी लाया जाता है। लेकिन एफआरयू सुविधा उपलब्ध न होने के कारण गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर करना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की हानि होती है।
विधायक की पहल के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक संसाधनों और मानकों को पूरा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एफआरयू का दर्जा मिलने के बाद हाटा सीएचसी में प्रसूति सेवाएं, दुर्घटना पीड़ितों का बेहतर उपचार, गंभीर मरीजों की आपातकालीन देखभाल और अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।
विधायक मोहन वर्मा ने इसे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सुकरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का प्रस्ताव भी जल्द शासन को भेजा जा रहा है, जिसकी स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
क्षेत्र के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि हाटा सीएचसी के एफआरयू बनने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

Related Post

Leave a Comment