हाटा सीएचसी को एफआरयू बनाने का रास्ता साफ, स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा नया विस्तार

ओम पत्रिका न्यूज
रिपोर्ट प्रदुम्न सिंह कुशीनगर
हाटा, कुशीनगर। हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को प्रथम संदर्भन इकाई (एफआरयू) के रूप में विकसित किए जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। विधानसभा में हाटा विधायक मोहन वर्मा द्वारा उठाए गए मुद्दे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है। महानिदेशक परिवार कल्याण ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुशीनगर को पत्र भेजकर एफआरयू के लिए निर्धारित मानकों को जल्द पूरा कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक मोहन वर्मा ने विधानसभा में नियम-301 के अंतर्गत यह मामला उठाते हुए कहा था कि हाटा नगर के बीचोंबीच राष्ट्रीय राजमार्ग-28 गुजरता है। इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है, जिसके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। दुर्घटनाओं तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को सबसे पहले हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जाता है, लेकिन एफआरयू की सुविधा उपलब्ध न होने से गंभीर मरीजों को अन्य अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विधायक द्वारा सदन में मामला उठाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लिया। महानिदेशक परिवार कल्याण की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि एफआरयू के लिए आवश्यक संसाधन एवं मानकों को शीघ्र पूरा कर कार्रवाई की जाए। साथ ही की गई कार्रवाई की आख्या भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एफआरयू के रूप में विकसित होने के बाद हाटा सीएचसी में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। प्रसूति सेवाएं, गंभीर मरीजों का प्राथमिक उपचार, दुर्घटना में घायल लोगों की बेहतर देखभाल तथा अन्य आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा और मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
विधायक मोहन वर्मा ने इसे क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और हाटा सीएचसी का एफआरयू के रूप में विकास उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक वर्मा ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि सुकरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भी जल्द नया भवन मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकी बाधाओं के कारण प्रस्ताव लंबित था, लेकिन अब उन समस्याओं का समाधान कर प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
क्षेत्र के लोगों ने हाटा सीएचसी को एफआरयू बनाए जाने की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।