तहसीलदार न्यायालय के आदेश का हुआ पालन, ग्राम समाज की भूमि कराई गई कब्जामुक्त


नायब तहसीलदार राहुल कुमार खरवार के नेतृत्व में खाद गड्ढा की भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा

तहसीलदार न्यायालय के आदेश का हुआ पालन, ग्राम समाज की भूमि कराई गई कब्जामुक्त

फाजिलनगर/कुशीनगर, संवाददाता। ग्राम जमुनिया महुआवा में स्थित खाद गड्ढा की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटाकर भूमि को कब्जामुक्त करा दिया। यह कार्रवाई आवेदिका कमलावती देवी द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र तथा माननीय तहसीलदार न्यायालय द्वारा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-67 के अंतर्गत पारित आदेश के अनुपालन में की गई।
नायब तहसीलदार राहुल कुमार खरवार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। प्रशासन की मौजूदगी में खाद गड्ढा की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर सरकारी भूमि को पुनः ग्राम समाज के उपयोग के लिए सुरक्षित किया गया।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार राहुल कुमार खरवार ने स्पष्ट किया कि ग्राम समाज एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जा रहा है तथा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
अतिक्रमण हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि को कब्जामुक्त कराने से ग्राम समाज के हितों की रक्षा होगी और आम लोगों को इसका लाभ मिलेगा। प्रशासन ने लोगों से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की अपील की।


रिपोर्ट: के. एन. साहनी

Related Post

Leave a Comment