कसया तहसील में आरओ मशीन से करंट लगने की घटना, फरियादियों में दहशत

कसया तहसील में आरओ मशीन से करंट लगने की घटना, फरियादियों में दहशत


कसया, कुशीनगर। तहसील परिसर में जन फरियादियों की सुविधा के लिए स्थापित आरओ पेयजल मशीन से करंट आने की शिकायत के बाद तहसील आने वाले लोगों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील कार्यालय में स्थापित आरओ पेयजल मशीन पिछले कई महीनों से खराब पड़ी थी। हाल ही में इस संबंध में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार के निर्देश पर मशीन को ठीक कराया गया और पेयजल आपूर्ति पुनः शुरू कर दी गई।
बताया जाता है कि मशीन चालू होने के कुछ घंटे बाद एक फरियादी पानी पीने के लिए मशीन की टोटी दबाने पहुंचा, तभी उसे करंट का झटका महसूस हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर तहसील में तैनात लेखपाल विनोद सिंह ने मशीन को दी जा रही विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद कराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली आपूर्ति बंद किए जाने के बाद भी मशीन में करंट होने की आशंका के चलते लोगों में डर बना हुआ है। गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में फरियादी एवं आम नागरिक तहसील परिसर में पेयजल सुविधा का उपयोग करते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी सार्वजनिक सुविधा में विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। लोगों ने संबंधित विभाग से मशीन की तकनीकी जांच कराकर पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही संचालन शुरू करने की मांग की है।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी अधिकारी का आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका था।


रिपोर्ट: तेजप्रताप सिंह
सच्ची रिपोर्ट

Related Post

Leave a Comment