मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पीस कमेटी की बैठक आयोजित

मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पीस कमेटी की बैठक आयोजित
रिपोर्ट: के. एन. साहनी
कुशीनगर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में पुलिस अधीक्षक सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि पीस कमेटी की बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं समुदायों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी ताजिया जुलूसों के पारंपरिक मार्गों का सत्यापन कर लिया जाए तथा मार्गों से संबंधित किसी भी विवाद का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के जुलूस केवल परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएंगे और किसी भी नई परंपरा अथवा नए मार्ग की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर लटक रहे अथवा जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत कराने, नगर निकायों को साफ-सफाई, चूना छिड़काव, सड़क मरम्मत एवं स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस एवं चिकित्सा टीमों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले ताजियों को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने ताजियादारों से सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा निर्धारित ध्वनि सीमा के अनुरूप ही साउंड सिस्टम का प्रयोग करने की अपील की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक, जनपद की समस्त तहसीलों के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पीस कमेटी के सदस्य एवं विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

Related Post

Leave a Comment