निःशुल्क विद्युत चालित चाक मशीन हेतु आवेदन आमंत्रित
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माटीकला बोर्ड के माध्यम से माटीकला से जुड़े कामगारों एवं शिल्पकारों को निःशुल्क विद्युत चालित कुम्हारी चाक मशीन उपलब्ध कराई जा रही है।
प्लास्टिक से निर्मित कप, प्लेट, गिलास, थाली एवं अन्य सामग्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद मिट्टी से बने उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु यह योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत ऐसे माटीकला कामगार एवं शिल्पकार, जो मिट्टी से विभिन्न प्रकार के बर्तन, खिलौने, मूर्तियां आदि बनाकर आजीविका अर्जित कर रहे हैं तथा जिनकी आयु 18 से 55 वर्ष के बीच है, वे इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं इच्छुक आवेदक योजना की वेबसाइट upmatikalaboard.in पर लॉगिन कर आवेदन पंजीकरण करते हुए “विद्युत चालित कुम्हारी चाक” का चयन कर आवेदन पत्र भर सकते हैं। आवेदन की हार्ड कॉपी दिनांक 01 जून 2026 की सायं तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, नरकटिया बुजुर्ग, सपहां रोड, कसया, कुशीनगर (नवल एकेडमी स्कूल के सामने) में जमा करना अनिवार्य होगा।
जिला ग्रामद्योग अधिकारी बताया की इस योजना के तहत एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति पात्र होगा तथा जिन लाभार्थियों को पूर्व में इस योजना का लाभ मिल चुका है, वे पुनः पात्र नहीं होंगे।
हार्ड कॉपी जमा करते समय पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
योजना पोर्टल पर प्राप्त आवेदन पत्रों का कार्यालय में जमा हार्ड कॉपी एवं संलग्न अभिलेखों से मिलान करने के उपरांत नियमानुसार लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी किसी भी कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, कुशीनगर से प्राप्त की जा सकती है।