कुशीनगर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर, बिना बिजली आपूर्ति भेज दिया ₹21,875 का बिल
कुशीनगर। फाजिलनगर विकास खंड के ग्राम जोगिया सुमाली पट्टी में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां चंद्रावती देवी पत्नी हीरालाल के नाम बिना विद्युत आपूर्ति के ही ₹21,875 का बिजली बिल जारी कर दिया गया। विभागीय जांच में शिकायत पूरी तरह सही पाई गई है, जिसके बाद अब उपभोक्ता को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
मामले की शिकायत मिलने पर विद्युत वितरण उपकेंद्र फाजिलनगर के एसडीओ ने जांच के आदेश दिए। अवर अभियंता (जेई) द्वारा लाइनमैन आनंद राय से मौके की जांच कराई गई। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि संबंधित घर के आसपास न तो कोई विद्युत खंभा लगा है और न ही वहां तक बिजली की लाइन पहुंची है। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि उपभोक्ता द्वारा कभी बिजली का उपयोग ही नहीं किया गया।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2018 में विभागीय कर्मचारियों ने यह कहकर घर में मीटर लगा दिया था कि जल्द ही खंभे और तार लगाकर विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। लेकिन आठ साल बीत जाने के बाद भी गांव के उस घर तक बिजली नहीं पहुंची। इसके बावजूद विभाग ने उपभोक्ता के नाम हजारों रुपये का बिल जारी कर दिया।
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद एसडीओ ने जेई को पीडी (परमानेंट डिस्कनेक्शन) रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। वहीं इस पूरे मामले ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब घर तक बिजली पहुंची ही नहीं और किसी प्रकार की खपत भी नहीं हुई, तो आखिर इतना बड़ा बिल कैसे बना। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी गरीब उपभोक्ता को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट: जगदीश सिंह

U