कुशीनगर में भीषण हीट वेव का अलर्ट, 48 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

कुशीनगर में भीषण हीट वेव का अलर्ट, 48 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
रिपोर्ट: के एन साहनी

कुशीनगर जनपद सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 28 मई 2026 तक हीट वेव की स्थिति बनी रहने तथा तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। रात के तापमान में भी अपेक्षित कमी न होने से लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों से विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी एडवायजरी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा सकती है।

भीषण गर्मी के चलते हीट एग्जॉशन, डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक तथा हृदय एवं श्वसन संबंधी बीमारियों के बढ़ने की आशंका बनी हुई है। विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे, धूप में कार्य करने वाले मजदूर तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा ओआरएस, नींबू पानी और इलेक्ट्रोलाइट युक्त पेय पदार्थों का सेवन करें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें तथा बाहर निकलते समय छाता, टोपी या स्कार्फ का उपयोग करें।

इसके अलावा शराब, अत्यधिक चाय-कॉफी और भारी भोजन से परहेज करने तथा हल्का एवं संतुलित भोजन लेने की सलाह दी गई है। बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने तथा बुजुर्गों का नियमित हालचाल लेने की अपील भी प्रशासन द्वारा की गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति में तेज बुखार, भ्रम की स्थिति, बेहोशी, तेज धड़कन, पसीना बंद होना अथवा दौरे पड़ने जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे गंभीर चिकित्सकीय स्थिति मानते हुए तत्काल नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराएं।

आपात स्थिति में नागरिक एम्बुलेंस सेवा 108, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 अथवा संपर्क नंबर 05564-240590 पर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि भीषण गर्मी के इस दौर में स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।

Related Post

Leave a Comment