बेलही पुल के पास दर्दनाक सड़क हादसा: नवविवाहित युवक की मौत, एक घायल

बेलही पुल के पास दर्दनाक सड़क हादसा: नवविवाहित युवक की मौत, एक घायल

पप्पू गुप्ता:सुकरौली, कुशीनगर।

हाटा कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली कस्बे से बंचरा जाने वाली नबहर रोड पर स्थित बेलही पुल के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक चालक का इलाज चल रहा है। घटना के बाद मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, हाटा कोतवाली क्षेत्र के डकही गांव निवासी 22 वर्षीय आकाश कन्नौजिया पुत्र हरिन्द्र कन्नौजिया शुक्रवार को करीब ढाई बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से बंचरा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बेलही पुल के समीप पहुंचा, उसकी बुलेट आगे चल रही एक बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवतहा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को एम्स गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने आकाश कन्नौजिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल मेवालाल पासवान निवासी परसिया, कोतवाली हाटा का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि आकाश कन्नौजिया पेशे से कारपेंटर था और रोजगार के सिलसिले में कर्नाटक में कार्य करता था। वह एक दिन पहले ही अपने घर लौटा था। उसके माता-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्य वर्तमान में कर्नाटक में ही रहते हैं। करीब छह माह पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
युवक की असमय मौत से डकही गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मृतक युवक आकाश कन्नौजिया

Related Post

Leave a Comment