रात भर सोता रहा परिवार, नकदी और जेवरात समेट ले गए चोर

रात भर सोता रहा परिवार, नकदी और जेवरात समेट ले गए चोर

कुशीनगर(जगदीश सिंह)
हाटा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़री के टोला चकदहा में चोरों ने एक घर में घुसकर 30 हजार रुपये नकद समेत हजारों रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी सुनीता पत्नी मुसाफिर प्रसाद ने बताया कि 20 मई की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। देर रात अज्ञात चोर घर में घुस आए और घर में रखे 30 हजार रुपये नकद, पायल, लॉकेट, झुमका, अंगूठी, चांदी के दो कड़ा तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली मिली। इसके बाद चोरी की जानकारी हुई। पीड़िता ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पीड़िता के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये है। उन्होंने बताया कि परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है। ऐसे में चोरी की इस घटना से परिवार को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो लोगों में असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी।
हाटा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

चकदहा गांव में वारदात, 30 हजार रुपये नकद समेत करीब 80 हजार की संपत्ति चोरी; जांच में जुटी पुलिस

Related Post

Leave a Comment