विशेष लोक अदालत “समाधान समारोह” हेतु 31 मई तक करें आवेदन
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने दी जानकारी
कुशीनगर, 21 मई। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भुवन ने जनपदवासियों को अवगत कराया है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन में पूरे देश में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों के सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष लोक अदालत को “समाधान समारोह” नाम दिया गया है।
उन्होंने बताया कि आगामी 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। यह विशेष अभियान 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर अगस्त में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के साथ संपन्न होगा।
सचिव ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।
अपने मामले को विशेष लोक अदालत में शामिल कराने हेतु तैयार किया गया गूगल फॉर्म sci.gov.in� पर उपलब्ध है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, पडरौना में उपस्थित होकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

