जमीनी विवाद में महिला समेत 8 घायल, मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी







हनुमानगंज क्षेत्र के धरनी पट्टी गांव में देर रात हुआ विवाद, पुलिस पर पक्षपात का आरोप
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धरनी पट्टी में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में महिला सहित 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में चल रहा है। घटना 18 मई 2026 की रात लगभग 10:30 बजे की बताई जा रही है।
पीड़ित मनोज के अनुसार जिस भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, उस भूमि को लेकर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि रात में जनरेटर की रोशनी में भारी संख्या में मजदूर और मिस्त्री लगाकर निर्माण कराया जा रहा था। विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने बांस, डंडा, ईंट और सरिया से हमला कर दिया।
मारपीट में रेशमा देवी पत्नी हीरा का सिर फट गया, जबकि निखिलेश गोंड पुत्र हीरा का हाथ टूट गया। कैलाशी देवी सहित अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तीन एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल रबिंद्र नगर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर किया गया।
पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी में सूचित पुत्र रामप्रीत, सर्वजीत पुत्र चंद्रभान, राम सतीश पुत्र चंद्रभान, रामानंद पुत्र प्रहलाद, सिंगासन पुत्र बीदन, राकेश पुत्र सुबास, रामप्रवेश पुत्र रामअवध, गोलू पुत्र सूचित, विकास पुत्र सर्वजीत तथा विनोद पुत्र रामाशीष निवासी मठिया आलम समेत अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पक्ष ने उत्तर प्रदेश पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना के बावजूद पुलिस मौके पर समय से नहीं पहुंची।
इस संबंध में थानाध्यक्ष हनुमानगंज ने बताया कि घटना भूमि विवाद को लेकर हुई है। अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
