कोटेदार पर मनमानी और घटतौली का आरोप, ग्रामीणों ने नए कोटेदार चयन की उठाई मांग
कुशीनगर। तहसील खड्डा क्षेत्र के ग्राम सभा धरनी पट्टी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने कोटेदार जयप्रकाश पर मनमानी, घटतौली और समय से राशन वितरण न करने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार द्वारा राशन का उठान समय पर कर लिया जाता है, लेकिन निर्धारित तिथि पर वितरण नहीं किया जाता। यदि कोई उपभोक्ता इस संबंध में सवाल करता है तो कोटेदार कथित तौर पर कहते हैं कि “जहां शिकायत करना है कर दीजिए, डीएम और डीएसओ से भी कर लीजिए, मेरी मर्जी होगी तब राशन बांटूंगा।”
जनता दर्शन में प्रेम कुमार के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद कम राशन दिया जाता है तथा बाल्टी रखकर कांटे से राशन तौला जाता है, जिससे घटतौली की जाती है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव का कोटा दूसरे गांव में बांटा जाता है, जिससे स्थानीय उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में कमेटी गठित कर नए कोटेदार का चयन कराया जाए, ताकि राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और पात्र लोगों को समय से पूरा राशन मिल सके।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।




