सफाई कर्मचारी से मारपीट पर भड़के आउटसोर्सिंग कर्मी, नगर पालिका गेट पर प्रदर्शन
हाटा, कुशीनगर। नगर पालिका परिषद हाटा के वार्ड नंबर-1 बाघनाथ में सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना के विरोध में रविवार को आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने नगर पालिका गेट पर प्रदर्शन कर आरोपी की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार अरुण कुमार नगर पालिका परिषद हाटा में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। शनिवार को वह अपने निर्धारित क्षेत्र में नाली सफाई का कार्य कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान भोलू नामक व्यक्ति ने अपने घर के सामने झाड़ू लगाने का दबाव बनाया। सफाई कर्मचारी द्वारा पहले नाली सफाई पूरी करने की बात कहने पर आरोपी भड़क गया और डंडे से हमला कर दिया।
पीड़ित अरुण कुमार का आरोप है कि आरोपी ने उसे पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। रविवार सुबह बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी नगर पालिका गेट पर जुट गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर रामानन्द सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की निंदा करते हुए हाटा कोतवाली पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वहीं संजय दुबे ने कर्मचारियों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।
रिपोर्ट : पप्पू, हाटा