दीवार पर खरोंच को लेकर विवाद, व्यक्ति पर हमला, चार पर मुकदमा दर्ज

दीवार पर खरोंच को लेकर विवाद, व्यक्ति पर हमला, चार पर मुकदमा दर्ज

हाटा कुशीनगर
कोतवाली हाटा क्षेत्र के नगर पंचायत सुकरौली में दीवार पर आई मामूली खरोंच को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर एम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-8 मालवीय नगर निवासी अंकित सिंह की सिंह मेटल वर्क शॉप नाम से दुकान हनुमान चौराहा से करीब 100 मीटर पश्चिम और विशुनपुर ठूठी चौराहा से 200 मीटर पूर्व स्थित है। आरोप है कि 15 अप्रैल 2026 को पड़ोसी सुजीत पाण्डेय के कहने पर जेसीबी चालक विजय शंकर द्वारा उनके मकान के बगल में उगी घास-फूस की सफाई कराई जा रही थी। इसी दौरान जेसीबी से दीवार में हल्की खरोंच आ गई, जिसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि 22 अप्रैल को इसी बात को लेकर विवाद फिर बढ़ गया। सुजीत पाण्डेय, उनके पुत्र हर्षित पाण्डेय, राजेश पाण्डेय व गणेशदत्त पाण्डेय, निवासी पिपरा उर्फ तितला वार्ड संख्या-8, थाना कोतवाली हाटा ने मिलकर प्रार्थी के पिता सुभाष सिंह के साथ कहासुनी की। इसके बाद लाठी-डंडे व ईंट से हमला कर दिया। हमले में सुभाष सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चारों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 115(2), 352, 351(3) एवं 110 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post

Leave a Comment