पेट्रोल पंप व गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधारने के निर्देश






कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ईंधन की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं उपभोक्ताओं को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में नयारा पेट्रोल पंप पर लगभग 39,000 लीटर डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाया गया। वहीं भरौली स्थित पेट्रोल पंप पर 5,000 लीटर डीजल और 4,000 लीटर पेट्रोल मौजूद था। इस दौरान पेट्रोल पंप पर वाहनों की अव्यवस्थित भीड़ देखी गई, जिसे पुलिस बल की मदद से व्यवस्थित कराया गया, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से ईंधन मिल सके।
इसके अलावा कांति गैस एजेंसी का भी निरीक्षण किया गया, जहां आज कुल 504 सिलेंडर प्राप्त हुए थे। मौके पर 137 उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए मौजूद पाए गए। प्रशासन द्वारा आज से नगर पालिका कुशीनगर एवं नगर पंचायत फाजिलनगर में गैस की होम डिलीवरी सेवा भी शुरू कर दी गई है, जिसका स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है।
उप जिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि सभी पात्र उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा रही है तथा अगले दो-तीन दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में भी होम डिलीवरी सेवा शुरू कर दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर कसया आशुतोष एवं राजस्व निरीक्षक नगर ब्रजेश मणि भी मौजूद रहे।
