ईद का त्योहार हर्षोल्लास, भाईचारे व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न,,










कुशीनगर। जनपद में आज ईद-उल-फितर का पावन पर्व पूरे उल्लास, आस्था और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह होते ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मुल्क में अमन, चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस कप्तान केशव कुमार के कुशल निर्देशन में जनपद भर में सुरक्षा के व्यापक और चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। ड्रोन कैमरा, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई, जिससे कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
थाना रबिन्द्र नगर के थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों पर मुस्तैद रहे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का लगातार निरीक्षण किया और आमजन से संवाद स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की। पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहा और हर संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार दिखा।
ग्रामीण अंचलों के साथ-साथ नगर के विभिन्न इलाकों में भी ईद की नमाज अदा की गई। चौपरिया ग्राम सभा स्थित ईदगाह पर मौलवियों ने नमाज के उपरांत अपने खुतबे में इस्लाम की मूल शिक्षाओं—शांति, भाईचारा, इंसानियत और परोपकार—पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता बनाए रखें तथा गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
ईद के मौके पर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर लोग एक-दूसरे के घर पहुंचे, सेवइयां और अन्य पकवानों का आनंद लिया। बाजारों में भी रौनक देखने को मिली और दिनभर खरीदारी का दौर चलता रहा।
प्रशासन की सजगता और जनता के सहयोग से कुशीनगर में ईद का यह पर्व पूरी तरह सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जो सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल बना।
रिपोर्ट: के. एन. साहनी, कुशीनगर