नवागत थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने सीओ कुंदन सिंह के साथ की मीडिया बैठक, अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत,,
1️⃣कानून तोड़ने वालों को बक्सा नहीं जायेगा :सीओ कुंदन सिंह

कसया, कुशीनगर। नवागत थानाध्यक्ष श्री आशुतोष सिंह ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुंदन सिंह के साथ कसया थाने पर मीडिया बंधुओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं और कार्यशैली को स्पष्ट करते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का भरोसा दिलाया।
थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि वे एक संवेदनशील और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के रूप में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका मूल निवास जनपद गाजीपुर है और उनका अब तक का कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा है। पूर्व में स्वाट प्रभारी के पद पर रहते हुए उन्होंने कई अहम मामलों का सफल खुलासा किया, जिससे उनकी कार्यकुशलता और टीम नेतृत्व क्षमता स्पष्ट होती है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार द्वारा उन्हें कसया थाने का प्रभार सौंपा गया है। इस नियुक्ति के साथ ही उन्हें क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पर्दे के पीछे चल रहे अवैध खेल का खुलासा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
सीओ कुंदन सिंह ने भी बैठक में मौजूद पत्रकारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच समन्वय से ही समाज में पारदर्शिता और सुरक्षा का माहौल मजबूत होता है।
बैठक के अंत में थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
