गैस सिलेंडर के लिए भटक रही जनता, एजेंसियों पर अव्यवस्था चरम पर,,
HP गैस एजेंसी कसया (कांति गैस)
स्थिति इतनी विकट हो गई है कि कई स्थानों पर एजेंसियों के गेट बंद कर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को न तो एजेंसी परिसर में प्रवेश मिल पा रहा है और न ही वे आसानी से बाहर निकल पा रहे हैं। भीड़ में महिलाएं, बुजुर्ग और दैनिक मजदूरी करने वाले लोग सबसे अधिक परेशान नजर आ रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सहज रूप से हो जाती थी, लेकिन अब उन्हें एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई लोगों ने बताया कि वे सुबह से लाइन में लगते हैं, फिर भी शाम तक गैस उपलब्ध नहीं हो पाती।
जनपद में Hindustan Petroleum Corporation Limited, Indian Oil Corporation एवं Bharat Petroleum की गैस एजेंसियों पर उमड़ रही भीड़ व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। जबकि संबंधित अधिकारियों द्वारा जिले में गैस की कोई कमी न होने की बात कही जा रही है, जमीनी स्थिति इससे इतर दिखाई दे रही है।
उपभोक्ताओं की बढ़ती परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित गैस एजेंसियों पर सतत निगरानी रखें तथा वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाना सुनिश्चित करें।
फिलहाल प्रशासन के निर्देशों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है, जिससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ताओं ने गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं सुचारु बनाने, होम डिलीवरी को पुनः प्रभावी करने तथा एजेंसियों पर भीड़ नियंत्रण के लिए ठोस व्यवस्था लागू करने की मांग की है।