IGRS में तहसील कसया प्रदेश में प्रथम, 100 में 100 अंक प्राप्त

IGRS में तहसील कसया प्रदेश में प्रथम, 100 में 100 अंक प्राप्त

कुशीनगर। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) में तहसील कसया ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के संबंध में उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि इस सफलता में जिलाधिकारी कुशीनगर के निर्देश और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उप जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनवरी माह में भी तहसील कसया का रैंक प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा था। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए ऑपरेटर विकास, IGRS बाबू सनी, तहसीलदार तथा पूरी तहसील टीम को बधाई देते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी इसी मनोयोग और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहें।
उन्होंने कहा कि जनता से प्रेमपूर्वक मिलना, उनकी समस्याओं को ध्यान से सुनना और विशेषकर जमीनी विवादों को सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आम जनता का तहसील प्रशासन पर पूरा भरोसा बना रहे।
उप जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि “प्रशासन आपके द्वार जन चौपाल” कार्यक्रम का भी इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह जन चौपाल प्रत्येक शुक्रवार को तहसील क्षेत्र के 32 स्थानों पर आयोजित की जाती है, जिससे राजस्व कर्मियों और जनता के बीच बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि तहसील कसया ने IGRS में 100 में 100 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। उप जिलाधिकारी स्वयं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई करते हैं और दोपहर 1 बजे तक न्यायालयीन कार्य निपटाते हैं। इसके बाद शाम 5 बजे तक क्षेत्र में जाकर शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा पुराने जमीनी विवादों के निस्तारण के लिए सक्रिय रहते हैं।
इस उपलब्धि से तहसील कसया की कार्यशैली और प्रशासनिक सक्रियता की प्रदेश भर में सराहना हो रही है।

Related Post

Leave a Comment