शीशम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

रामलीला देखने निकला था युवक, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
कुशीनगर (जगदीश सिंह)
हाटा कोतवाली क्षेत्र के शंखापार गांव के खेतिहर इलाके में मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव शीशम के पेड़ से लटकता मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटक रहे युवक के शव पर पड़ी। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। इसी दौरान मौके पर पहुंचे एक युवक ने शव की पहचान विवेक यादव (24) पुत्र धर्मेंद्र यादव निवासी केवला चक सरदारनगर, थाना चौरी-चौरा, जिला गोरखपुर के रूप में की।
परिजनों के अनुसार विवेक यादव सोमवार की शाम रामलीला देखने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि युवक का शव मफलर के सहारे पेड़ से लटका मिला, जबकि उसके दोनों पैर जमीन को छू रहे थे। पास में ही उसका मोबाइल फोन भी पड़ा हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजन घटना को संदिग्ध मान रहे हैं। मृतक की मां विमला देवी ने बेटे की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है।
हाटा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।