501 कुँवारी कन्याओं ने उठाया कलश, जय माता दी के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र,,

ओम पत्रिका न्यूज कुशीनगर,,माँ दुर्गा मंदिर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान सोमवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मंदिर परिसर में 501 कुँवारी कन्याओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें पूरे क्षेत्र में “जय माता दी” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।कार्यक्रम के आयोजक पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में ग्राम सभा के लोगों का अपार सहयोग देखने को मिला। ग्रामीणों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में भागीदारी निभाई।
बताया गया कि यह माँ दुर्गा मंदिर लगभग सौ वर्ष पूर्व निर्मित हुआ था, जो समय के साथ जर्जर हो गया था। ग्रामवासियों के सहयोग से मंदिर का पुनः नवनीकरण कराया गया और विधि-विधान से नौ नई पिंडियों की स्थापना की गई।
सोमवार को सुबह लगभग 10 बजे 501 कन्याओं ने कलश भरकर कलश यात्रा प्रारंभ की। यह यात्रा सिधुआ बांगर स्थित ब्रह्मास्थान पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यात्रा बरही स्थान होते हुए भगवान शिव मंदिर पहुंची, जहां शिव जी की आराधना और स्तुति की गई।
अंत में सभी श्रद्धालु और कन्याएं माँ दुर्गा मंदिर पहुंचीं, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ की पिंडियों पर जलाभिषेक किया गया और यज्ञ संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, श्रद्धालु और महिलाएं मौजूद रहीं और सभी ने माँ दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।