ओम पत्रिका न्यूज
रिपोर्ट: के एन साहनी, कुशीनगर
अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए पुलिस का प्रयास तेज, आमजन से मांगी मदद
कुशीनगर। जनपद में एक अज्ञात व्यक्ति के शव की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा आम जनता से सहयोग की अपील की गई है। पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रविवार 8 मार्च 2026 को पडरौना-रामकोला मार्ग पर एक नर्सरी के सामने शीतल फर्नीचर की दुकान के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है और अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।
पुलिस द्वारा जारी हुलिये के अनुसार मृतक का शरीर मजबूत, रंग गोरा तथा आंख, नाक और कान सामान्य हैं। कद औसत बताया गया है। मृतक ने हरे रंग की शर्ट, नीले रंग की बनियान तथा पीले रंग का लोअर पहन रखा है।
पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को इस शव के संबंध में कोई जानकारी हो या पहचान हो सके तो तत्काल संबंधित नंबरों पर सूचना दें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पडरौना तथा पुलिस के सोशल मीडिया सेल के नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मानवता के नाते अज्ञात शव की पहचान कराने में सहयोग करें।
