विश्व शांति के लिए ‘पूर्वांचल गांधी’ करेंगे लखनऊ में दो दिवसीय प्रार्थना: तिथि में बदलाव
गोरखपुर/लखनऊ। ‘पूर्वांचल गांधी’ के नाम से विख्यात डॉ. संपूर्णानंद मल्ल अब 9 मार्च को लखनऊ स्थित इमामबाड़ा में विश्व शांति और “युद्ध रहित पृथ्वी” के संकल्प के साथ दो दिवसीय प्रार्थना सभा करेंगे। पूर्व में यह कार्यक्रम 4 एवं 5 मार्च को प्रस्तावित था, किंतु होली के पर्व को देखते हुए सुरक्षा और शांति व्यवस्था के मद्देनजर इसे आगे बढ़ाया गया है।
ईरान के धार्मिक नेता की हत्या के विरुद्ध शांतिपूर्ण विरोध
डॉ. मल्ल ने बताया कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के शांतिवादी धार्मिक-राजनीतिक नेता ‘हुसैनी’ अयातुल्ला अली खामेनी की हत्या के विरोध में वह यह कदम उठा रहे हैं। उनका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंसा को रोकना और मानवता का संदेश फैलाना है।
9 मार्च से शुरू होगी प्रार्थना
डॉ.मल्ल 9 मार्च को सुबह 11:00 बजे से प्रार्थना प्रारंभ करेंगे, जो 11 मार्च सुबह 11:00 बजे तक निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने चिंता व्यक्त की है कि यदि इमामबाड़ा के कपाट बंद मिलते हैं, तो वह इमामबाड़ा के मुख्य द्वार के बाहर ही बैठकर प्रार्थना करेंगे।
राष्ट्रपति के माध्यम से UNO को जाएगा ज्ञापन
इस दो दिवसीय प्रार्थना सभा के समापन पर डॉ. मल्ल लखनऊ के पुलिस आयुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपेंगे। इस ज्ञापन का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) तक “युद्ध रहित पृथ्वी” की पुकार पहुँचाना है।
प्रशासन को भेजी गई सूचना
इस कार्यक्रम की विधिवत सूचना राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी सहित लखनऊ और गोरखपुर के आला अधिकारियों को भेज दी गई है। डॉ. मल्ल ने होली के दौरान संभावित हुड़दंग को देखते हुए प्रशासन से उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की है।

