जानकीनगर रबिंद्रनगर में फल की दुकान में संदिग्ध हालात में आग, क्षेत्र में आक्रोश
कुशीनगर। जनपद के जानकीनगर रबिंद्रनगर क्षेत्र में रविवार देर रात एक फल की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुआँ उठता देख चौराहे के पास स्थित एक मकान में रह रहे किरायेदार ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
आग लगने से दुकान में रखे फल, तराजू, काउंटर व अन्य सामान जलकर खाक हो गए, जिससे हजारों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के दुकानदार मौके पर पहुंच गए। स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर भारी रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों को भी बड़ा नुकसान हो सकता था।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। क्षेत्रवासियों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।