कैप्टन अमन सिंह के निधन से उमड़ा जनसैलाब, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कारटीम सच्ची रिपोर्ट, कुशीनगर
जनपद कुशीनगर के हाटा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वीर अब्दुल हमीद नगर (पिपरा शीतल उर्फ बकराबाद) निवासी 22 वर्षीय कैप्टन अमन सिंह के आकस्मिक निधन से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को बारामुला में तैनाती के दौरान हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। कम उम्र में देश सेवा करते हुए उनके असामयिक निधन की खबर से परिवार सहित पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।कैप्टन अमन सिंह ने दो वर्ष पूर्व टेक्निकल एंट्री स्कीम (TES) के माध्यम से भारतीय सेना ज्वाइन की थी। यह उनकी पहली पोस्टिंग थी। कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और प्रतिभाशाली अधिकारी के रूप में वे अपने साथियों के बीच विशेष पहचान रखते थे। उनके निधन से सेना और समाज दोनों को अपूरणीय क्षति हुई है।
वे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। पिता यशवंत सिंह एक निजी इंजीनियर हैं। परिवार ने बड़े सपनों और उम्मीदों के साथ उन्हें शिक्षित किया था। अभी उनका विवाह भी नहीं हुआ था। जवान बेटे की असमय मृत्यु से माता-पिता और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर पर मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोमवार की शाम लगभग 5 बजे तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर जब पैतृक निवास पहुंचा तो जनसैलाब उमड़ पड़ा। जैसे ही सेना का वाहन नगर में दाखिल हुआ, “भारत माता की जय” और “अमन सिंह अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
प्रभारी मंत्री दिनेश सिंह, विधायक मोहन वर्मा, पूर्व विधायक पवन केडिया सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार गांव के बाहर बागीचे में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। जीआरडी गोरखपुर के नायब सूबेदार चित्र बहादुर के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अश्रुपूर्ण नेत्रों से शहीद के पिता ने मुखाग्नि दी।
इस दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह, सीओ कुंदन सिंह, तहसीलदार जया सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष रामानंद सिंह, मोतीचक ब्लॉक प्रमुख अर्चना प्रदीप सिंह सहित तमाम अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सेना के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। उपस्थित लोगों की आंखें नम थीं। कुशीनगर अपने इस वीर सपूत को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करता है और उनकी वीरता, समर्पण एवं देशभक्ति को सदैव स्मरण रखेगा।