कोर्ट के आदेश पर दो साल बाद दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

कोर्ट के आदेश पर दो साल बाद दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

“देर होता है, अंधेर नहीं” न्याय की आस में पीड़ित परिवार को मिली उम्मीद

कुशीनगर कसया तहसील क्षेत्र के ग्रामसभा मैनपुर के टोला बोधापट्टी निवासी युवक की संदिग्ध मौत के मामले में आखिरकार दो साल बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वर्ष 2023 में पंजाब के लुधियाना जनपद के शेरपुर क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैक के समीप युवक का शव मिला था। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बावजूद उस समय कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। अब अदालत के आदेश पर Government Railway Police (जीआरपी) लुधियाना ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, कसया तहसील क्षेत्र के ग्रामसभा मैनपुर के टोला बोधापट्टी निवासी अशोक राय के पुत्र नागेंद्र राय (32) 30 अक्टूबर 2023 को लुधियाना के गैसपुरा स्थित एक निजी कंपनी में कार्य पर जाने के लिए निकले थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
अगली सुबह नागेंद्र का शव शेरपुर, लुधियाना के रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। उस समय परिजनों ने स्पष्ट रूप से हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, किंतु मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
अदालत का दरवाजा खटखटाया
कार्रवाई न होने से निराश पीड़ित परिवार ने न्यायालय की शरण ली और मामला दर्ज कराने की मांग की। अदालत के हस्तक्षेप के बाद अब दो वर्ष पश्चात जीआरपी लुधियाना ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
मृतक के पिता अशोक राय ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और अब न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
“देर है, अंधेर नहीं”
यह प्रकरण एक बार फिर यह साबित करता है कि न्याय में भले विलंब हो, लेकिन न्यायिक प्रक्रिया जीवंत है। पीड़ित परिवार को अब उम्मीद है कि सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को सजा मिलेगी।

रिपोर्ट :प्रदुम्न सिंह कुशीनगर

Related Post

Leave a Comment