माय भारत बजट क्विज 2026 ऑनलाइन प्रतियोगिता का शुभारंभ

माय भारत बजट क्विज 2026 ऑनलाइन प्रतियोगिता का शुभारंभ

ओम पत्रिका न्यूज

रिपोर्ट – प्रदुम्न सिंह, कुशीनगर
कुशीनगर/पडरौना।
मेरा युवा भारत (युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के नेतृत्व में पडरौना ब्लॉक स्थित योद्धा बाबा एसटीएस इंटरमीडिएट कॉलेज, पिपरा धर्मपुर में “मेरा युवा भारत बजट क्विज 2026” ऑनलाइन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 से जोड़ना, उनकी आर्थिक एवं नीतिगत समझ को सशक्त बनाना तथा विकसित भारत @2047 के विज़न में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण में ऑनलाइन क्विज़ आयोजित की जा रही है। क्विज़ में सफल प्रतिभागियों को द्वितीय चरण में चयनित 8 विषयों पर निबंध लेखन का अवसर प्रदान किया जाएगा। ये विषय बजट, युवा सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत एवं राष्ट्रीय विकास से संबंधित होंगे।
निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में शामिल होने का विशेष अवसर प्राप्त होगा, जहां युवा अपने विचार देश के सर्वोच्च नेतृत्व के समक्ष सीधे साझा कर सकेंगे।
पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक पारितोष दुबे ने युवाओं को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि माय भारत बजट क्विज 2026 का आयोजन 03 फरवरी 2026 से 17 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। देशभर के युवा मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर इस क्विज़ अभियान में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच एवं राष्ट्रीय नीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंतर्गत मेरा युवा भारत एवं विद्यालय प्रबंधक अवधेश सिंह द्वारा युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुशील सिंह, आलोक सिंह, अंकित सिंह, गुलाब यादव, संजय, सोनू तिवारी सहित विद्यालय के अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Comment