11 हजार वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत
कसया/कुशीनगर। कसया क्षेत्र के सपहा लक्ष्मीपुर वार्ड नंबर 8 में बुधवार को करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब ग्राम कोलुवा निवासी लगभग 50 वर्षीय राजदेव चौहान रोज़ की तरह निर्माणाधीन मकान पर काम करने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार फ़िरोज़ अंसारी के निर्माणाधीन मकान के जिस तल पर जोड़ाई का कार्य चल रहा था, उसके ठीक समीप ही 11 हजार वोल्टेज की खुली लाइन गुजरी हुई है। बताया गया कि काम करते समय राजदेव चौहान अचानक इस हाई-वोल्टेज तार के संपर्क में आ गए, जिससे वे मौके पर ही ज़मीन पर गिर पड़े।
मजदूर के गिरते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँची कसया पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल के पास से गुजर रही खतरनाक विद्युत लाइन को हटाने या सुरक्षित करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
सपहा से बीरबल गुप्ता की रिपोर्ट